अल्मोड़ा , जून 01 -- कांग्रेस नेता राहुल गांधी आगामी चार जून को उत्तराखंड के अल्मोड़ा का दौरा करेंगे और वहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। यह जानकारी अल्मोड़ा के विधायक मनोज कुमार तिवारी ने सोमवार को दी।
श्री तिवारी ने कहा कि श्री गांधी सिमकनी मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी ने उनकी यात्रा को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है।
उत्तराखंड विधानसभा के वर्ष 2027 में होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है और श्री गांधी की यात्रा को इसी रणनीति के तहत देखा जा रहा है।
बंगाल चुनाव में कड़ी शिकस्त के बाद कांग्रेस ने उत्तराखंड पर अपना ध्यान केंद्रीत किया है और संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने की कोशिशें तेज कर दी हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यदि 2027 में भाजपा को चुनौती देनी है तो अभी से संगठन को मजबूत करना होगा। यही वजह है कि राहुल गांधी की जनसभा को केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने और चुनावी संदेश देने वाले मंच के रूप में तैयार किया जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, श्री गांधी अपने संबोधन में राज्य के युवाओं, महिलाओं और पर्वतीय क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दे सकते हैं। साथ ही संगठन को आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने का संदेश भी दे सकते हैं।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अल्मोड़ा की यह रैली कांग्रेस के लिए 2027 विधानसभा चुनाव का पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन साबित हो सकती है। यदि पार्टी बड़ी भीड़ जुटाने में सफल रहती है तो इसे आगामी चुनावी लड़ाई के लिए सकारात्मक संकेत माना जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित