कन्नूर , फरवरी 23 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 26 फरवरी को केरल के पेरावूर में किसान संगठनों के नेताओं के साथ एक बैठक करेंगे।
कन्नुर जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) के अध्यक्ष मार्टिन जॉर्ज ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के नेता वायनाड जिले में प्राकृतिक आपदा में विस्थापित हुए लोगों के लिए पार्टी द्वारा बनाए जाने वाले घरों की आधारशिला भी रखेंगे।
श्री गांधी उस दिन सुबह सेंट जोसेफ एचएसएस पेरावूर के जिमी जॉर्ज स्टेडियम में उतरने के बाद पेरावूर के पास थुंडी के पैरिश हॉल में पुर्वाह्न 11 बजे से किसान संगठनों के नेताओं के साथ तीन घंटे की चर्चा करेंगे। इस बैठक में राष्ट्रीय कृषि संकट और केरल के पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी।
पेरावूर निर्वाचन क्षेत्र के कोट्टियूर और अरालम वन्यजीव अभयारण्य जैसे क्षेत्रों को बार-बार मानव-वन्यजीव संघर्ष और जंगली जानवरों द्वारा खेतों में आक्रमण का सामना करना पड़ता है।
श्री जॉर्ज ने कहा कि ओमन चांडी के नेतृत्व वाली यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) सरकार ने केलाकम पंचायत में वलयमचल से करियमकापू तक हाथियों से बचाव के लिये 12 किलोमीटर लंबी दीवार बनाई थी। इसके अलावा, कोट्टियूर ग्राम पंचायत के कुछ हिस्सों में बिजली की बाड़ लगाई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया, "पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाली एलडीएफ सरकार लोगों के जीवन और संपत्ति को सुरक्षित करने के लिए कुछ भी ठोस करने में विफल रही है।"पेरावूर निर्वाचन क्षेत्र में रबर, काजू और नारियल किसानों की एक बड़ी आबादी है। यह संवाद केरल विधानसभा चुनावों से पहले मजबूत कृषि सहायता योजनाओं की चल रही मांगों के बीच हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित