नयी दिल्ली , सितंबर 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रेरणा लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज करवाया है।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोमवार को यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोगों ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में घटित हुई घटनाओं को देखा है, जहां पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के अधीन पुलिस ने छात्राओं पर लाठीचार्ज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर पुलिस ने छात्राओं से बदसलूकी की।
श्री भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल देशभर में अशांति का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "पंजाब में हमने जो देखा, वह आम आदमी पार्टी के निर्देश पर चलने वाले एक छोटे टूलकिट का हिस्सा है, जिसमें युवाओं और छात्राओं पर लाठीचार्ज किया गया। यह एक सोची-समझी टूलकिट रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत आम आदमी पार्टी ने कॉलेज में पढ़ने वाले युवाओं और महिलाओं पर लाठीचार्ज करने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया।"उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस की सरकार है वहां युवाओं को लाठीचार्ज का सामना करना पड़ा है। कर्नाटक में न्याय की मांग करने वाले विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया, "आज लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में जो कुछ हुआ है, वह श्री केजरीवाल और श्री मान की साजिश है और उन्होंने राहुल गांधी से प्रेरणा ली है।"भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दल देशभर में युवाओं के कंधों पर अपनी राजनीति आगे बढ़ाना चाहते हैं। इन साजिशों के सहारे वह देश कई राज्यों में सत्ता में हैं और अन्य राज्यों तथा केंद्र की सत्ता में आना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कोई जायज मुद्दा उठता है, ये लोग वहां अपने गुंडों को भेजकर युवाओं पर लाठीचार्ज करवाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित