रायपुर , सितंबर 27 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना बंद करें एवं देश से माफी मांगे।

श्री साय ने श्री गांधी के 'वोट चोरी' संबंधी आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि "राहुल गांधी देशद्रोही आचरण पर उतारू हो गए हैं। वे आदतन अपराधी की तरह व्यवहार कर रहे हैं। ईवीएम, चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर कीचड़ उछालना घिनौना काम है। कांग्रेस को इससे बाज आना चाहिए। राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।"श्री साय ने श्री गांधी के छत्तीसगढ़ में कथित 'वोट चोरी' और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस अब तक 100 से ज्यादा चुनाव हार चुकी है और इसी कारण बौखलाई हुई है। उन्होंने कहा कि यदि श्री गांधी को चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर इतना ही अविश्वास है तो उन्हें सांसद पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जब जनता की अदालत में चुनाव हारती है तो अपनी हार की जिम्मेदारी लेने के बजाय चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े करने लगती है। इसी वजह से श्री गांधी लगातार चुनाव आयोग की भूमिका और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

उन्होंने चुनाव आयोग के भीतर कथित मतभेदों की खबरों पर कहा कि चुनाव आयोग में किसी तरह का मतभेद नहीं है और भारतीय निर्वाचन आयोग की दुनिया में अपनी विश्वसनीयता है। आयोग की कार्यप्रणाली की अलग-अलग स्तरों पर सराहना होती रही है।

उन्होंने कांग्रेस पर देश में भ्रम और सनसनी फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठाने से लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने श्री गांधी से अपने बयानों के लिए देश से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय चुनावी नतीजों के बाद अपनी भूमिका और रणनीति पर विचार करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित