हैदराबाद , जुलाई 23 -- तेलंगाना के सिंचाई और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार देश के युवाओं की उम्मीदों को पूरा करने एवं चिंताओं का समाधान करने में नाकाम रही है, जिससे सरकार और युवाओं के बीच दूरी बढ़ रही है।
एक प्रेस बयान में श्री रेड्डी ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, बार-बार परीक्षा के पेपर लीक होने, छात्रों के भविष्य को लेकर अनिश्चितता एवं पर्याप्त अवसरों की कमी ने युवाओं में बहुत निराशा उत्पन्न कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन चिंताओं पर ध्यान देने के बजाय केंद्र सरकार गिरफ़्तार कर और डरा-धमकाकर छात्रों एवं युवाओं के शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शनों को दबा रही है, जो उनके अनुसार लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संविधान के ख़िलाफ़ है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों एवं युवाओं के मुद्दों को उठाकर और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करके लगातार उनका साथ दिया है।
उन्होंने दावा किया कि श्री गांधी की राजनीति प्यार, न्याय, समानता एवं संवैधानिक सिद्धांतों पर आधारित है और कहा कि उन्हें युवाओं, बुद्धिजीवियों, मध्यम वर्ग और आम जनता का भरोसा मिल रहा है।
श्री रेड्डी ने कहा, " राहुल गांधी न केवल विपक्ष के नेता के रूप में बल्कि देश के लिए एक वैकल्पिक नेता के रूप में भी उभर रहे हैं। "तेलंगाना सरकार की पहलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार जन-कल्याण, किसान कल्याण, युवाओं के रोज़गार एवं सामाजिक न्याय को प्राथमिकता दे रही है और लोगों की समस्याओं का समाधान करना उसका मुख्य उद्देश्य है।
देश के युवाओं से अपील करते हुए श्री रेड्डी ने उनसे अपने अधिकारों, भविष्य एवं संविधान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का आग्रह किया।
उन्होंने फिर से कहा कि कांग्रेस उनके साथ है और भरोसा व्यक्त किया कि श्री गांधी का नेतृत्व देश को एक नयी दिशा, नयी उम्मीद एवं नयी राजनीतिक संस्कृति देगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित