पटना , मई 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मंगल पाण्डेय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए उनसे इन यात्राओं पर हुए खर्च के स्रोत का खुलासा करने की मांग की है।

श्री पाण्डेय ने आज बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विदेशी मुद्रा की बचत के लिए की गई अपील की आलोचना करने वाली कांग्रेस और राहुल गांधी को पहले अपनी विदेश यात्राओं का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन 22 वर्षों में राहुल गांधी ने घोषित और पब्लिक डोमेन में आई सूचना के अनुसार 54 विदेश यात्राएं की हैं, जिनपर कुल 60 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इन यात्राओं की फंडिंग का स्रोत क्या था। राहुल गांधी की अधिकांश विदेश यात्राएं निजी थीं, जिनमें इटली, यूनाइटेड किंगडम, यूनाइटेड स्टेट्स, जर्मनी, वियतनाम, कंबोडिया, सिंगापुर, बहरीन, मालदीव, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, मस्कट और ओमान जैसे देशों की यात्राएं शामिल हैं।

भाजपा नेता श्री पाण्डेय ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की प्रत्येक विदेश यात्रा में तीन से चार लोग साथ रहते थे और इन यात्राओं पर कुल खर्च लगभग 60 करोड़ रुपये अनुमानित है, जबकि वर्ष 2013-14 से 2022-23 के बीच उनकी घोषित आय करीब 11 करोड़ रुपये रही। उन्होंने सवाल किया कि 11 करोड़ रुपये की आय के बावजूद राहुल गांधी ने 60 करोड़ रुपये की विदेश यात्राएं कैसे कीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित