सुलतानपुर , मार्च 12 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के विरुद्ध दायर मानहानि के मामले में सुलतानपुर जिले की विशेष एमपी/एमएलए अदालत में बृहस्पतिवार को सुनवाई हुई। मामले में फिर तारीख लग गई, अगली सुनवाई अब 23 मार्च को की जाएगी।
न्यायालय में वाद दायर करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता विजय मिश्रा की अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय ने आज यहां बताया कि बीते 20 फरवरी को न्यायालय में रायबरेली सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने धारा 313 अंतर्गत अपना बयान दर्ज कराया था। कोर्ट में राहुल गांधी ने कहा था कि राजनैतिक विद्वेष से मानहानि मामले में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आवाज और वीडियो सीडी के रूप में जो सबूत पेश किए गए हैं वह गलत हैं।
इस पर वादी के अधिवक्ता श्री पांडे ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर वादी पक्ष द्वारा पेश साक्ष्य का मिलान करने का निवेदन किया, जिस पर विशेष न्यायाधीश शुभम वर्मा ने सुनवाई के लिए 23 मार्च की तिथि नियत की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित