लखनऊ , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से संसद में मौजूद रहकर गृह मंत्री अमित शाह का जवाब पूरा सुनने की अपील की और विपक्ष पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया।

श्री पाठक ने पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से कहा, ''राहुल गांधी भागना मत। गृह मंत्री हर सवाल का जवाब देंगे। पूरा सुनना।'' उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार संसद की कार्यवाही को बाधित कर रहा है और जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा से बचने की कोशिश कर रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश में अराजकता और झूठ फैलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों से संसद को ''हाईजैक'' किया हुआ है और राहुल गांधी बार-बार मुद्दा बदलकर गोलपोस्ट बदलने का काम करते हैं। पाठक ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल विफल नेता ही नहीं हैं, बल्कि ''अराजकता और झूठ के नए पोस्टर बॉय'' बन गए हैं।

उन्होंने विपक्ष पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर विपक्ष संसद में सवाल उठाने की बात करता है और दूसरी ओर सरकार के जवाब सुनने से बचने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा कि सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है और विपक्ष को संसद की कार्यवाही चलने देनी चाहिए। गृह मंत्री सदन में अपना पक्ष विस्तार से रखेंगे, इसलिए विपक्ष को तथ्यों को सुनने और उनका सामना करने से बचना नहीं चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित