चंडीगढ़ , अगस्त 31 -- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की बौखलाहट करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार श्री गांधी की आवाज दबाकर दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों की आवाज को दबाना चाहती है लेकिन कांग्रेस संविधान और सामाजिक न्याय की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी।
श्री सिंह ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद मंच के कथित 'शुद्धिकरण' की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक व्यक्ति के अपमान का मामला नहीं, बल्कि समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय के अधिकारों से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि एक तरफ ऐसी घटनाओं को सही ठहराने की कोशिश हो रही है और दूसरी तरफ श्री गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित