तिरुवनंतपुरम , अक्टूबर 16 -- केरल पुलिस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व डीजीपी आर. श्रीलेखा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई कोल्लम जिले के पुनालूर में एक पार्टी बैठक के दौरान उनके एक भाषण के बाद की गयी।

कांग्रेस नेताओं की शिकायतों के आधार पर पुनालूर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसावा देना) के तहत यह मामला दर्ज किया है।

यह विवाद बुधवार को पुनालूर में भाजपा के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान श्रीलेखा के भाषण से शुरू हुआ। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नयी दिल्ली में कांग्रेस के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शन की आलोचना करते हुए श्री गांधी के आचरण की तुलना नशीले पदार्थों के प्रभाव में काम करने वाले व्यक्ति से कर दी थी।

कांग्रेस नेताओं ने उनकी टिप्पणियों पर कड़ा विरोध जताया और आरोप लगाया कि ये बयान मानहानिकारक हैं। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु सुनील पंडालम और अन्य कांग्रेस नेताओं ने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित