नयी दिल्ली , अप्रैल 12 -- लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग द्वारा आयोजित "मैं भी अंबेडकर" मैराथन का शुभारंभ रविवार को हरी झंडी दिखाकर किया।

मैराथन नयी दिल्ली के मंडी हाउस स्थित सफदर हाशमी मार्ग से शुरू होकर डॉ अंबेडकर नेशनल मेमोरियल (26, अलीपुर रोड) तक आयोजित की गई। इस आयोजन का संचालन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग ने ओबीसी विभाग के सहयोग से किया।

इस अवसर पर श्री गांधी ने कहा कि "मैं भी अंबेडकर" मैराथन बाबासाहेब भीम राव अंबेडकर जी के विचारों और भारतीय संविधान के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज जब संवैधानिक मूल्यों पर प्रहार हो रहे हैं, ऐसे समय में हमें हर अन्याय और भेदभाव के खिलाफ बाबासाहेब अंबेडकर के आदर्शों पर चलकर एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।

श्री गांधी ने कार्यक्रम के अंत में "जय भीम, जय संविधान, जय हिंद" के नारे के साथ देशवासियों से संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए आगे आने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित