जोधपुर , अक्टूबर 03 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा है कि उन्होंने मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के बहाने एक बार फिर अपनी 'झूठ की दुकान' का सामान बेचना शुरू कर दिया है, लेकिन देश की जनता सच्चाई जानती हैं, इसलिए उनका यह झूठ बिकने वाला नहीं हैं।

श्री शेखावत ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट पर कहा कि अपनी राजनीतिक नाकामियों के लिए देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को दोष देना कोई समाधान नहीं है। व्यवस्था को दोष देने के बजाय आत्ममंथन करने और खुद में बदलाव लाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र किसी एक व्यक्ति की राजनीतिक सफलता या विफलता से कहीं बड़ा है। श्री गांधी का राजनीतिक तरीका अब स्पष्ट दिखायी दे रहा है। पहले भ्रम फैलाना और लोगों को उकसाना, फिर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना और उसके बाद पूरी लोकतांत्रिक व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करना उनकी राजनीति का हिस्सा बन गया है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया को लेकर भी यही राजनीति दिखायी दे रही है। एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को साफ-सुथरा और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई योग्य नागरिक सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई अयोग्य व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सफाई में नहीं, अपितु गंदगी में यकीन रखती है। कांग्रेस, जो खुद अशुद्ध है, वह लिस्ट में भी वैसी ही अशुद्धि चाहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित