देहरादून , जुलाई 17 -- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ता दिवंगत अमर मेहता के दुर्भाग्यपूर्ण निधन पर उनके घर जाकर परिजनों से भेंट की साथ ही, अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं तथा परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि उनका असामयिक निधन कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। पूरा कांग्रेस परिवार इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना एवं मजबूती से खड़ा है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
कार्यकर्ता अमर मेहता का गुरुवार को रैली की तैयारियों के बीच तम्बू में लगाई जा रही लोहे के एंगल की चपेट में आने से मृत्यु हो गयी थी।
इस बीच देहरादून में भारी बारिश शुरू हो गई है। ऐसे में श्री गांधी के रैली स्थल पर पानी एकत्र हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित