देवरिया , जुलाई 22 -- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ नई दिल्ली में हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को उत्तर प्रदेश के देवरिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सदर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपा।

कांग्रेस के जिला मीडिया प्रभारी संजीव कुमार मिश्र ने बताया कि जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल के नेतृत्व में सुभाष चौक, सिविल लाइंस होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर तक मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि छात्रों के मुद्दों, पेपर लीक तथा शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं को लेकर आवाज उठाने वाले विपक्ष के नेता के साथ पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं के विपरीत है।

जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ने कहा कि कांग्रेस शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा मानती है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है, इसलिए सरकार को जवाबदेही तय करते हुए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने बताया कि राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने, उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान तथा बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित