हल्द्वानी , सितंबर 07 -- उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस एवं राहुल गांधी के कथित विवादित बयानों के विरोध में सोमवार को ''सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना'' का आयोजन किया।
जिला नैनीताल भाजपा अध्यक्ष प्रताप बिष्ट के नेतृत्व में आज हल्द्वानी स्थित स्वर्गीय हरिप्रसाद टम्टा पार्क में यह धरना आयोजित किया गया। धरने में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की तथा सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर उत्तराखंड में जातिवादी मानसिकता को बढ़ावा देने, दलितों का अपमान करने और समाज में वैमनस्य पैदा करने का आरोप लगाया।
जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है और आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कथित तौर पर झूठी कहानी गढ़ रही है। उन्होंने श्री राहुल गांधी पर सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली बयानबाजी करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सामाजिक एकता, भाईचारे और सम्मान की रक्षा के लिए भाजपा लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कांग्रेस से भी राजनीतिक बयानबाजी में संयम बरतने और प्रदेश के सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने की अपील की।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड वीर शहीदों की भूमि और देवभूमि के रूप में देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी की ओर से की जा रही बयानबाजी के जरिए प्रदेश की शांतिपूर्ण सामाजिक व्यवस्था में जातिवादी मानसिकता का जहर घोलने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी किसी भी राजनीतिक बयानबाजी का विरोध करेगी, जिससे प्रदेश की सामाजिक एकता और प्रतिष्ठा प्रभावित हो।
नैनीताल विधायक सरिता आर्य, हल्द्वानी महापौर गजराज बिष्ट और पूर्व महापौर जोगेंद्र रौतेला ने कांग्रेस पर सभा स्थल के शुद्धिकरण के नाम पर जनता में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। भाजपानेताओं ने कहा कि इस तरह की राजनीति सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकती है।
धरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस और राहुल गांधी के विरोध में नारे लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे। पार्टी नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की जनता जाति और वर्ग के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
धरने में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, हरीश पांडेय, शंकर कोरंगा, सह मीडिया प्रभारी प्रदीप जनौटी, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, प्रतिभा जोशी, जिला अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रविंद्र बाली, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट और सुरेश गौर सहित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित