देहरादून , जुलाई 17 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में शुक्रवार अपराह्न कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देहरादून आगमन पर प्रदेशभर से आई महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
बड़ी संख्या में महिला मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सीएमआई चौक पर एकत्रित हुईं और कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट ने किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर देश की करोड़ों महिलाओं की आकांक्षाओं का अपमान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी का ऐतिहासिक अधिकार दिया, जबकि कांग्रेस ने हमेशा महिला सशक्तिकरण के मुद्दों पर दोहरा चरित्र अपनाया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति राहुल गांधी के आगमन का विरोध कर यह स्पष्ट संदेश देना चाहती है कि देवभूमि की महिलाएं महिला सम्मान और सशक्तिकरण के विषय में किसी प्रकार की राजनीति स्वीकार नहीं करेंगी।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर कांग्रेस के विरोध में जोरदार नारे लगाए तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाली कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता के विरुद्ध अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं को पुलिस ने सीएमआई चौक पर बैरिकेडिंग कर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखा और बैरिकेडिंग पर डटे रहकर कांग्रेस के खिलाफ अपना संदेश बुलंद किया।
बाद में पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारी महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों के माध्यम से वहां से हटाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित