रायपुर , जून 19 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में देर रात तक चली उच्चस्तरीय बैठक को सामान्य समीक्षा बैठक बताते हुए आज कहा है कि यह कोई आपातकालीन बैठक नहीं थी, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए आयोजित की गई थी।
श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर ''12 साल विश्वास के, विकास के, 12 साल बेमिसाल'' सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में विधायकों और मंत्रियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनकी समीक्षा बैठक में की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनका आज जशपुर प्रवास निर्धारित है, जहां वे भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि रात्रि विश्राम ग्राम बगिया में करेंगे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री साय ने कहा, ''राहुल गांधी जहां-जहां जाते हैं कांग्रेस का क्या हश्र होता है सब जानते हैं। कांग्रेस का बंटाधार ही होता है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी कथनी और करनी के कारण कांग्रेस जनता के बीच विश्वास खो चुकी है तथा पार्टी के भीतर मनमुटाव और ''सर फुटव्वल'' की स्थिति बनी हुई है।
महाराष्ट्र के विधायकों के छत्तीसगढ़ दौरे के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां के विधायक दल ने मुख्यमंत्री निवास में उनसे मुलाकात की है। उन्होंने बताया कि यह दल प्रदेश में धान खरीदी की सुव्यवस्थित व्यवस्था का अध्ययन करने आया है, ताकि यहां की प्रणाली को समझा जा सके।
प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के संबंध में साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यूसीसी लागू किया जाएगा। इसके लिए समिति का गठन किया जा चुका है, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी मानसून सत्र में इसे लाना संभव नहीं दिख रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित