देवरिया , जुलाई 31 -- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध कथित अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी से आक्रोशित कांग्रेसियों ने शुक्रवार को यहां पुलिस अधीक्षक को पत्रक सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस के जिला मीडिया प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि आज जिला अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' के नेतृत्व में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को पत्रक देकर जितेन्द्र जायसवाल नाम की फेसबुक आईडी से की जा रही आपत्तिजनक पोस्टों की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की। पत्रक में कहा गया है कि उक्त फेसबुक पोस्ट के संबंध में पूर्व में भाटपाररानी ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा थाना भाटपाररानी में भी प्रार्थना-पत्र दिया गया था, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

श्री रोशन ने कहा कि सोशल मीडिया पर अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। इस प्रकार की गतिविधियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। पत्रक के साथ संबंधित फेसबुक पोस्ट की स्क्रीनशॉट की छायाप्रति साक्ष्य के रूप में संलग्न की गई है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पत्रक दिए जाने के बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती है,,तो देवरिया कांग्रेस इकाई लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित