लखनऊ , अगस्त 31 -- ) कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस सोमवार को लखनऊ में विरोध मार्च निकालेगी।
पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार विरोध मार्च सोमवार शाम सात बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन, माल एवेन्यू से निकाला जाएगा। विरोध मार्च में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय शामिल होंगे। कांग्रेस की ओर से जारी सूचना में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर का विरोध करने के साथ ही उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की गई है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से निकलने वाले मार्च में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस ने इसे राहुल गांधी के खिलाफ कथित दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई के विरोध में आयोजित कार्यक्रम बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि विरोध मार्च के जरिए सरकार और प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित