बारां , जून 16 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 17 जून को राजस्थान में कोटा में प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय बारां में मंगलवार को बैठक आयोजित की गयी।

बैठक में अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए श्री भाया ने कहा कि बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी समस्याओं से युवा वर्ग चिंतित है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों और युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने के लिए कोटा आ रहे हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि छात्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और रोजगार के अवसरों की मांग कर रहे हैं। उन्होंने जिले भर से अधिकाधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

श्री भाया ने कहा कि कोटा देश की प्रमुख शिक्षा नगरी है और यहां होने वाला यह संवाद शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को नई दिशा देगा। बैठक में जिला कांग्रेस समिति के पदाधिकारी, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित