भिण्ड , जुलाई 22 -- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की दिल्ली में हुई गिरफ्तारी के विरोध में मध्यप्रदेश के भिण्ड में जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण, नगर ब्लॉक कांग्रेस और शहर ब्लॉक कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गिरफ्तारी की निंदा की।
रात लगभग नौ बजे से 11 बजे तक चले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकारी एजेंसियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत बताया।
धरने को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है और लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाना संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी ने कहा कि सत्य और जनता के अधिकारों की लड़ाई को किसी भी कार्रवाई से दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे। धरने के समापन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित