रांची , अगस्त 31 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा रांची के फिरायलाल चौक में उत्तराखंड पुलिस द्वारा हल्द्वानी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किए जाने के विरोध में आज जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित हुए। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई बताते हुए इसका पुरजोर विरोध किया। पूरे प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।

मौके पर उपस्थित झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि भाजपा बौखला गई है और ऐसी हरकत पर आ गई है, जिससे पूरा देश शर्मसार है। भाजपा दलित विरोधी है, यह उन लोगों ने साफ तौर पर कर दिया है। राहुल गांधी जी ने जब इस मामले को उठाया, तब जानबूझकर भाजपा की सरकार ने उनके ऊपर झूठा केस कर दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा और कितना नीचे स्तर तक की राजनीति करेगी? परंतु मैं साफ कर देना चाहता हूं कि राहुल गांधी जी से टकराना भाजपा को काफी भारी पड़ेगा। इसका विरोध पूरे देश में होगा।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा की सरकार में किसी को आवाज उठाने की परमिशन नहीं है। और जब कोई आवाज उठाता है तो उसके ऊपर झूठा केस कर दिया जाता है। परंतु कांग्रेस पार्टी की आवाज कोई नहीं दबा सकता और राहुल गांधी जी कभी पीछे नहीं हट सकते। राहुल गांधी जी देश के बड़े नेता हैं, जिनके पीछे देश के पूरे लोग हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की इस सरकार ने सारे नियम-कानून की धज्जियां उड़ा दी हैं। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती के साथ आगे बढ़ाती रहेगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस द्वारा हल्द्वानी में राहुल गांधी जी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया मामला पूरी तरह राजनीतिक बदले की भावना और झूठे आरोप पर आधारित है। राहुल गांधी जी ने देश के दलित, आदिवासी और वंचित समाज के सम्मान और अधिकारों की आवाज उठाई है। उनके द्वारा उठाए गए सामाजिक न्याय के सवालों का जवाब प्राथमिकी के माध्यम से देना लोकतांत्रिक मूल्यों पर गंभीर प्रहार है।

कांग्रेस पार्टी ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की राजनीतिक कोशिश है। राहुल गांधी ने देश के दलित, आदिवासी और वंचित समाज के सम्मान और अधिकारों की बात उठाई है। अगर उनके द्वारा उठाए गए सामाजिक न्याय के सवालों का जवाब प्राथमिकी से दिया जाएगा, तो यह लोकतंत्र और संविधान दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी डरने या दबने वाली नहीं है। राहुल गांधी जी देश की जनता की आवाज सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाते रहेंगे। कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई को और अधिक मजबूती के साथ जारी रखेगी।

कांग्रेस पार्टी ने चेतावनी देते हुए कहा कि राहुल गांधी जी की आवाज को दबाने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेगा और देश के दलित, आदिवासी, वंचित एवं आम जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत के साथ लड़ी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित