चंडीगढ़ , मई 20 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गाँधी के हालिया बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अपमान नहीं बल्कि देश की 140 करोड़ जनता का अपमान है।
गौरतलब है कि श्री गांधी का बरेली में दिया गया उनका वक्तव्य नकारात्मक और अराजकतावादी सोच को दर्शाता है।
श्री बड़ोली ने कहा कि भारतीय राजनीति में संवाद, मर्यादा और सम्मान की परंपरा रही है लेकिन श्री गांधी लगातार राजनीतिक स्तर गिराने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस नेता के बयानों में निराशा झलक रही है। कांग्रेस नेतृत्व जनता की भावनाओं को समझने में विफल रहा है और अब ध्यान भटकाने के लिए गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहा है।
उन्होंने कहा कि श्री गांधी का बयान केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं का अपमान है। देश की जनता विकास, राष्ट्रहित और मजबूत नेतृत्व के साथ खड़ी है, न कि नकारात्मक राजनीति के साथ।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में देश ने भ्रष्टाचार, घोटालों और कमजोर नेतृत्व का दौर देखा। उस समय राष्ट्रीय सुरक्षा और सैनिकों के सम्मान से अधिक राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति से भरा रहा है।
श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आज मजबूत, आत्मनिर्भर और निर्णायक राष्ट्र के रूप में उभरा है। सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही है और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित