वाराणसी , मई 21 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने देशभर में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को काशी में भी राहुल गांधी के बयान के खिलाफ जमकर प्रदर्शन देखने को मिला।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया और जुलूस निकालकर जोरदार नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला भी फूंका।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जुलूस निकाला और "चाइना का ये यार है, राहुल गांधी गद्दार है" के नारे लगाते हुए जले हुए मोबिल से उनके पुतले का दहन किया।
अनूप जायसवाल ने कहा कि लगातार चुनाव हारने की हताशा और निराशा ने राहुल गांधी को मानसिक रोगी बना दिया है। राहुल गांधी भूल जाते हैं कि 140 करोड़ भारतीयों ने नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना है। देश आज विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और जनता ने कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित