जयपुर , सितंबर 01 -- राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा है कि अगर उनके खिलाफ कार्रवाई हुई तो देश के नौजवान एवं कांग्रेस के लोग जेलें भर देंगे।
श्री डोटासरा ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में श्री गांधी के खिलाफ प्राथमिकी के सवाल पर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हल्द्वानी में भाषण के बाद मंच का शुद्धिकरण करने के मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं करना और न नहीं कोई कार्रवाई की गई हैं तथा न ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के किसी नेता ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि उल्टे इस मामले में इस तरह की घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे श्री गांधी के विरुद्ध ही एफआई दर्ज करा दी गयी।
उन्होंने इस तरह की घटना को संकीर्ण मानसिकता का परिचायक बताते हुए कहा कि श्री गांधी डरने वाले नहीं हैं और वह किसी पद के लिए काम नहीं कर रहे हैं तथा प्राथमिकी तो उनके लिए मेडल हैं लेकिन कांग्रेस के लोग इसके खिलाफ कड़ा विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि डराने एवं धमकाने से डरने वाले नहीं हैं और इस सोच को बदलना पड़ेगा। अगर इस सोच में बदलाव नहीं आया तो देश इनकी सत्ता को बदल देगा। उन्होंने कहा कि इस सोच के कारण आज देश में अधिकतर लोग इनके खिलाफ खड़े होने लगे हैं।
श्री डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कहना चाहेंगे कि उनकी विध्वंसक एवं संविधान के खिलाफ सोच हैं और वे तानाशाह बनकर शासन कर रहे हैं। बड़े बड़े तानाशाह को जनता ने नहीं छोड़ा हैं। उन्होंने कहा कि देश में संविधान से बना लोकतंत्र हैं तथा यह और मजबूत होगा और श्री गांधी के खिलाफ प्राथमिकी से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने श्री गांधी के खिलाफ गुस्ताखी की तो देश के नौजवान एवं कांग्रेस के लोग देश की जेलें भर देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित