हरिद्वार , जुलाई 13 -- कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उत्तराखंड के दौरे से पूर्व पार्टी कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं।
श्री गांधी की 17 जुलाई को देहरादून की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सोमवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने कहा कि श्री गांधी राज्य के युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठायेंगे तथा पेपर लीक जैसे मामलों पर सरकार को इसका जवाब देना होगा।
श्री गोदियाल ने कहा कि श्री गांधी ने छात्रों के हितों को लेकर जो अभियान शुरू किया है, उसकी आवाज अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार और उत्तराखंड की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार दोनों को युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों पर ठोस निर्णय लेने होंगे। उन्होंने कहा कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों के बाद अब छात्रों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता और कांग्रेस नेता का दौरा राज्य सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित