नयी दिल्ली , सितंबर 14 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 19 सितंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुड़ने का छात्रों से आग्रह करते हुए कहा है कि शिक्षा व्यवस्था से परेशान युवा इस कार्यक्रम के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद कर सकते हैं।
श्री गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा, "19 सितंबर को इंदौर आ रहा हूं- छात्रों से मिलने, आपको सुनने, आपसे बात करने।" उन्होंने कहा कि यदि छात्र या उनके अपने लोग देश की शिक्षा व्यवस्था से परेशान हैं और चाहते हैं कि हालात बदलने चाहिए तो 'छात्रों की गूंज' उनकी सामूहिक आवाज और बदलाव की शुरुआत करने का एक मौका है।
उन्होंने छात्रों से पंजीकरण कर बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की और कहा कि इंदौर में शिक्षा के हर पहलू और छात्रों के संघर्षों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
श्री गांधी 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत इंदौर से पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में कार्यक्रम आयोजित कर चुके हैं। पुणे में 22 अगस्त को विशेष रूप से छात्राओं के साथ यह कार्यक्रम हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित