नयी दिल्ली , अक्टूबर 29 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन की एक नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में होने वाले 'चलो दिल्ली' मार्च को लोकतंत्र, संविधान और वोट चोरी के खिलाफ देश का विरोध प्रदर्शन बताते हुए छात्रों सहित आम लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
श्री गांधी ने गुरुवार को एक वीडियो जारी कर कहा कि यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं, बल्कि हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से परेशान हैं और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा करना चाहते हैं उन्हें इस मार्च में जरूर शामिल होना चाहिए।
उन्होंने सभी छात्र संगठनों से राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर मार्च में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें लगता है कि देश, उनकी अभिव्यक्ति, उनके विचारों और सोचने के तरीके पर हमला हो रहा है, तो उन्हें इस मार्च में आना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित