देहरादून , जुलाई 14 -- उत्तराखंड के देहरादून में आगामी 17 जुलाई को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रस्तावित "छात्रों की गूंज" रैली के आयोजन स्थल को लेकर प्रशासन और कांग्रेस के बीच विवाद की स्थिति बन गई है।

प्रशासन के अनुसार आयोजन स्थल परेड ग्राउंड में पहले से ही भारत सरकार के अल्पसंख्यक मंत्रालय की ओर से सद्भावना पर्व आयोजित किया जा रहा है, जो 17 जुलाई तक विस्तारित किया गया है। चूंकि ये पहले से संचालित है, इसलिए किसी अन्य आयोजन की वहां अनुमति नहीं दी जा सकती। जबकि कांग्रेस के अनुसार महापौर ने लिखित रूप से इसकी अनुमति दी हुई है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंगलवार को कहा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्रों की गूंज अभियान के तहत देहरादून में होने वाले कार्यक्रम के लिए सुनिश्चित स्थल के संबंध में निर्धारित शुल्क जमा कर विधिवत अनुमति पूर्व में प्राप्त की गई है, जिसकी रसीद भी हमारे पास उपलब्ध है। अब प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल बदलने की केवल मौखिक बात कही जा रही है, जबकि इस संबंध में कोई लिखित आदेश नहीं दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित