देहरादून , मई 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड इकाई ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दो दिवसीय राज्य के दौरे पर पंतनगर पहुंचने के बाद वापस दिल्ली चले जाने पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें एहसास हो गया था कि पौड़ी और अल्मोड़ा में उनके दौरे को लेकर जनता में कोई उत्साह नहीं है।

पार्टी प्रदेश अध्यक्ष, सांसद महेंद्र भट्ट ने व्यंग्य कसते हुए कहा कि शुक्र है, चुनाव में अभी समय है। अन्यथा हेलीकॉप्टर नहीं उड़ने का दोष भी भाजपा पर मढ़ दिया जाता। उन्होंने कहा कि वो बात और है पद के आकांक्षी कांग्रेसियों के अलावा किसी को भी श्री गांधी का इंतजार नहीं था। वहीं कांग्रेसी युवराज की प्रतिक्रिया भी यही बताती है कि उन्हें आम लोगों से नहीं मिलने से अधिक दुख मुहम्मद के जिम नहीं पहुंच पाने का हुआ।

पार्टी प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं द्वारा प्रतिक्रिया पूछे जाने पर श्री भट्ट ने कहा कि मौसम को देखते श्री गांधी ने अल्मोड़ा और पौड़ी का दौरा रद्द किया हैं। सुरक्षा की दृष्टि से तो यह उचित कदम है लेकिन एक सच ये भी है कि कांग्रेस और श्री गांधी स्थानीय जनता में अपनी राजनैतिक जमीन को लेकर आश्वस्त नहीं हैं। देवभूमि की जनता उनके सनातन विरोधी बयानों से नाराज है और वीर भूमि के पूर्व सैनिकों में भी सेना के अपमान पर रोष हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें एहसास हो गया था कि पौड़ी और अल्मोड़ा में उनके दौरे को लेकर जनता में कोई उत्साह नहीं है, विशेषकर पूर्व सैनिकों में। शायद एक बड़ी वजह ये भी है पहाड़ पर मौसम खराब होने की आड़ में शेष दौरा भी उनके छोड़ कर भागने की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित