जयपुर , जून 17 -- राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोटा दौरे पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि यह दौरा विद्यार्थियों की पीड़ा के प्रति वास्तविक संवेदना नहीं, बल्कि एक भ्रम फैलाने का राजनीतिक आयोजन और दिखावा है।
श्री राठौड़ ने बपने बयान में कहा कि देश के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब दिवंगत को श्रद्धांजलि देने के लिए पॉप सिंगर्स के गानों पर परफॉर्मेंस कराई जा रही है। कांग्रेस का यह प्रायोजित कार्यक्रम एक 'फ्लॉप शो' और 'कॉमेडी सर्कस' है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीट परीक्षा निरस्त होने से अवसाद में जान गंवाने वाले दिल्ली और देहरादून के दो मासूम बच्चों को श्रद्धांजलि देने के नाम पर कोटा में तमाशा कर रही है। श्रद्धांजलि और संवेदना जैसे गंभीर विषयों के बीच पॉप सिंगर्स को मंच पर बुलाकर कार्यक्रम को मनोरंजन का स्वरूप देना दुर्भाग्यपूर्ण एवं शर्मनाक है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस की गहलोत सरकार के समय राजस्थान में एक के बाद एक 19 पेपर लीक हुए। दर्जनों होनहार विद्यार्थियों ने अवसाद में आकर आत्महत्याएं कीं लेकिन उस समय न तो राहुल गांधी को राजस्थान के युवाओं की याद आई और न ही उन्होंने कोई संवेदना व्यक्त की। आज जब केंद्र और राज्य सरकार पारदर्शी व्यवस्था के साथ काम कर रही है, तब राहुल गांधी नीट परीक्षा से ठीक 72 घंटे पहले कोटा आकर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
श्री राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेता सचिन पायलट का एक साथ उपस्थित होना भी कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने राहुल गांधी को याद दिलाते हुए कहा कि सचिन पायलट ने अपनी जनसंघर्ष यात्रा के दौरान कहा था कि वे राजस्थान के युवाओं और विद्यार्थियों को न्याय दिलायेंगे तथा पेपर लीक मामलों पर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। श्री राहुल गांधी को आज मंच पर खड़े होकर श्री पायलट से पूछना चाहिए कि उन्होंने राजस्थान के युवाओं को कितना न्याय दिलाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित