चेन्नई , अप्रैल 06 -- केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी में चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी सोमवार को यहां पहुंचे। इसके बाद दोनों नेता नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के प्रचार के लिए पुड्डुचेरी रवाना हो गये।

हवाई अड्डे पर तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस समिति (टीएनसीसी) के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता कांग्रेस के नेतृत्व वाले 'इंडिया' गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने के लिए विमान से पुड्डुचेरी के लिए रवाना हुए।

इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी केरल से चेन्नई पहुंचने की संभावना है। यहां से वह सत्तारूढ़ अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्ना द्रमुक) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगने पुड्डुचेरी जायेंगे।

गौरतलब है कि राजग पुड्डुचेरी में सत्ता बरकरार रखते हुए लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने की कोशिश में है।

शीर्ष नेताओं के पुड्डुचेरी दौरे को देखते हुए चुनावी सरगर्मी तेज हो गयी है, क्योंकि केंद्र शासित प्रदेश में प्रचार समाप्त होने में केवल एक दिन बचा है। चुनावी राज्य तमिलनाडु और पुड्डुचेरी में राष्ट्रीय स्तर के बड़े नेताओं के आगमन के मद्देनजर हवाई अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित