चेन्नई , अप्रैल 20 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी सहित आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख सहयोगी एवं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू जैसे कई शीर्ष नेता सोमवार को तमिलनाडुमें अपने-अपने गठबंधन के लिये प्रचार करेंगे।

प्रचार अभियान के समाप्त होने में अब केवल एक दिन शेष बचा है, ऐसे में मतदाताओं को लुभाने के अंतिम प्रयास में पिछले कुछ दिनों से शीर्ष नेताओं का राज्य में तांता लगा हुआ है। श्री गांधी दो दिनों में दूसरी बार राज्य का दौरा करेंगे। शनिवार को सत्ताधारी द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन, जिसमें कांग्रेस एक प्रमुख और पुरानी सहयोगी है, के समर्थन में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करने के बाद, कांग्रेस नेता आज दक्षिणी जिलों मेंतीन और सभाओं को संबोधित करेंगे।

श्री गांधी अपने कार्यक्रम के अनुसार कन्याकुमारी जिले के कोलाचेल में मोंडाईकाड पुलिस स्टेशन के पास लक्ष्मीबाई कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह तिरुनेलवेली जिले के नांगुनेरी और थूथुकुडी जिले के श्रीवैकुंठम में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।

इस बीच, श्री केजरीवाल अपने मित्र एवं द्रमुक अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के लिये चेन्नई शहर के कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र और अन्य क्षेत्रों में प्रचार के लिए कल रात चेन्नई पहुंचे। श्री स्टालिन, जो 2011 में इस सीट के अस्तित्व में आने के बाद से यहां से निर्वाचित होने वाले एकमात्र विधायक हैं, और 2011, 2016 और 2021 में जीत की हैट्रिक पूरी कर चुके हैं, इस सीट से रिकॉर्ड चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं। अब यह क्षेत्र द्रमुक का गढ़ बन चुका है।

श्री नायडू आज अमरावती से पहुंचेंगे और मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले राजग के उम्मीदवारों के लिये राज्य के विभिन्न हिस्सों में दो दिनों तक प्रचार करेंगे। विजयवाड़ा से कोयंबटूर पहुंचने पर वह भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन और अन्नाद्रमुक उम्मीदवारों के लिये प्रचार करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह कृष्णगिरि जिले के थल्ली के लिये रवाना होंगे और चेन्नई के आवडी और अन्नानगर में रोड शो के साथ आज के कार्यक्रम का समापन करेंगे।

श्री नायडू चेन्नई में रात्रि विश्राम के बाद कुछ और स्थानों पर अपना चुनाव प्रचार करेंगे और कल शाम 5.00 बजे समाप्त होने वाले विधानसभा चुनावों के प्रचार के बाद विजयवाड़ा के लिये प्रस्थान करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित