अहिल्यानगर , मार्च 10 -- महाराष्ट्र में अहिल्यानगर जिले के राहुरी कस्बे में एक पुलिस कॉन्स्टेबल पर भीड़ के हमले का चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है।
पुलिस सूत्रों के मताबिक इस घटना में कॉन्स्टेबल को बुरी तरह पीटा गया और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। उन्होंने बताया कि घटना ग्रीन होटल चौक इलाके के पास हुई, जहां सात से आठ लोगों के समूह ने कथित तौर पर कॉन्स्टेबल विकास वैरल पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने लाठियों और लोहे की रॉड से कॉन्स्टेबल की बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं, आरोप है कि उन्होंने कॉन्स्टेबल का गला दबाकर हत्या करने की भी कोशिश की।
घटना के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने राहुरी पुलिस थाने में चार नामजद आरोपियों और 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बुरुडगांव गांव के उपसरपंच भी शामिल हैं।
घायल कॉन्स्टेबल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित