बैतूल , सितंबर 15 -- मध्यप्रदेश में बैतूल की कोतवाली पुलिस ने रानीपुर मार्ग पर राहगीर से मोबाइल और पर्स लूटने के मामले का चंद घंटों में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार पूरनचंद मांझी (37) निवासी अमरावत कला, रायसेन, वर्तमान में गौठाना बैतूल में रहता है। उसने शिकायत में बताया कि 13 सितंबर की रात करीब नौ बजे रानीपुर से मोटरसाइकिल से गौठाना लौटते समय चिखलार गांव से आगे भीलवाटेक के पास मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने उसकी गाड़ी रोक ली और मोबाइल तथा छह हजार रुपये रखे पर्स को छीनकर फरार हो गए।

शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 126(2), 115(2), 309(4), 351(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ निहाल उर्फ राजा भुमरकर (20), निवासी लोहिया वार्ड, गंज बैतूल को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से काले रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन और पुलिस अधिकारी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया, सहायक उपनिरीक्षक राजेश मालवीय, प्रधान आरक्षक दिनेश निमोदा और योगेश परते की भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित