सिलीगुड़ी , जुलाई 17 -- केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्र हित में काम करने वाले तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में स्वागत है।

डॉ. मजूमदार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे से पहले बागडोगरा हवाईअड्डा पर पत्रकारों से कहा कि भाजपा का मूल मंत्र है 'देश पहले, पार्टी बाद में।' उन्होंने कहा कि कभी-कभी बड़े राष्ट्रीय हितों के लिए संकीर्ण राजनीतिक सोच को दरकिनार करना पड़ता है। उन्होंने कहा, "देश के व्यापक हित में महिला आरक्षण विधेयक को लागू करना एक महती जरूरत है।"डॉ. मजूमदार ने राज्यसभा के कुछ सदस्यों के इस्तीफे के बाद हालिया राजनीतिक घटनाक्रम की चर्चा करते हुए दावा किया कि जिन लोगों ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी, वे पार्टी में शामिल होने के इच्छुक थे। उन्होंने अभिनेत्री से नेता बनीं कोएल मल्लिक का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में किसी के लिए भी राजनीतिक विकल्पों पर विचार करना स्वाभाविक है। कुछ महीने पहले ही चुनी गयी होने के कारण अगर वह किसी दूसरी राजनीतिक पार्टी में शामिल भी हो जाती हैं, तो भी जन-प्रतिनिधि के तौर पर बनी रह सकती हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा निचले स्तर के तृणमूल नेताओं को पार्टी में शामिल करने में दिलचस्पी नहीं रखती है। गौरतलब है कि इसमें सिलीगुड़ी के नेता भी शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित