झुंझुनू , जुलाई 25 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार को राजस्थान में झुंझुनू जिला मुख्यालय पर "एक दौड़ राष्ट्र के नाम" युवा मैराथन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। कार्यक्रम में आरएसएस के राजस्थान क्षेत्रीय प्रचारक निम्बाराम, जिला संघ चालक मानसिंह, नगर संघ चालक अनूप गाडिया, विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारी महामंडलेश्वर डॉ. अर्जुनदास महाराज, जयपुर प्रांत सह प्रचारक विशाल एवं डॉ. सुनिल ढाका मौजूद रहे।
अपने उद्बोधन में आरएसएस के क्षेत्रीय प्रचारक निम्बाराम ने कहा कि जब निजी स्वार्थों के कारण समाज को भ्रमित किया जाता है और विदेशी षड्यंत्रों के प्रभाव में आकर देश के आंतरिक विषयों को बाहर तक पहुंचाया जाता है। तब राष्ट्र की राष्ट्रीय, सामाजिक और आंतरिक सुरक्षा प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि जब समाज में अशांति और अराजकता का वातावरण बनता है तो विकास की गति अवरुद्ध हो जाती है और आगे बढ़ने की ललक दब जाती है। इसलिए समाज का संगठित, संस्कारित और शक्तिशाली होना आवश्यक है।
श्री निम्बाराम ने कहा "संगठन में शक्ति है, शक्ति से चमत्कार होता है और चमत्कार को दुनिया नमस्कार करती है।" उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि व्यक्तिगत व्यवसाय के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण को भी जीवन का उद्देश्य बनाएं। राष्ट्र मजबूत और सुरक्षित नहीं होगा तो व्यक्तिगत समृद्धि भी किसी काम की नहीं रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित