गुरुग्राम , जून 20 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता नेकहा है कि राष्ट्र निर्माण में बुद्धिजीवियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

डॉ. गुप्ता गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन में बोल रही थी। उन्होंने कहा कि समाज को सही दिशा देने, जनजागरण करने और सकारात्मक परिवर्तन लाने में प्रबुद्ध वर्ग का योगदान हमेशा निर्णायक रहा है। विकसित भारत के निर्माण के लिए बुद्धिजीवियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, उद्योगपतियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों ने भाग लिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक मुकेश शर्मा सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए समर्पित विचारधारा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली संवाद, सहभागिता और जनविश्वास पर आधारित है। बुद्धिजीवी वर्ग समाज की सोच और दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाता है, इसलिए राष्ट्रहित के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा और सामाजिक समरसता के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित