नयी दिल्ली , सितंबर 10 -- दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि भविष्य को लेकर दबाव न लें, प्रयास करते रहे, सीखते रहें, जिज्ञासु बने रहें और राष्ट्र निर्माण में अपनी ओर से हर संभव योगदान दें।

श्री गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा के युवा संपर्क कार्यक्रम के अंतर्गत विधानसभा का भ्रमण करने आए विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान कहा कि भविष्य को लेकर दबाव न लें। प्रयास करते रहे, सीखते रहें, जिज्ञासु बने रहें और राष्ट्र निर्माण में अपनी ओर से हर संभव योगदान दें। भारत के भविष्य को आकार देने में प्रत्येक युवा की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने छात्रों को उनकी जीवन-यात्रा को लेकर आत्मविश्वास बनाए रखने तथा शैक्षणिक, व्यावसायिक या सामाजिक दबावों को अपनी क्षमताओं पर हावी न होने देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने-अपने क्षेत्र में देश के विकास में योगदान दे सकता है और राष्ट्र निर्माण केवल राजनीति या सार्वजनिक जीवन तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा, "आप भविष्य में जो भी पेशा चुनें, उसे ईमानदारी, उत्कृष्टता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना के साथ निभायें।"विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती अंततः जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों पर निर्भर करती है। उन्होंने छात्रों को विभिन्न विचारों को सुनने, प्रश्न पूछने तथा किसी विषय पर अपनी राय बनाने से पहले उसे समझने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मतभिन्नता और बहस एक जीवंत लोकतंत्र के स्वाभाविक एवं आवश्यक तत्व हैं, बशर्ते वे संवैधानिक मूल्यों और परस्पर सम्मान की भावना के दायरे में हों।

विद्यार्थियों ने श्री गुप्ता के साथ विधायिका के कामकाज, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की भूमिका, लोकतांत्रिक भागीदारी तथा नागरिकों और सार्वजनिक संस्थाओं के बीच संबंधों से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया। इस दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और समकालीन मुद्दों के साथ-साथ बदलते भारत में युवा नागरिकों की भूमिका पर अपने विचार भी साझा किए।

विधानसभा अध्यक्ष ने छात्रों से भारत की संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक विरासत से जुड़े रहने तथा भविष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, विचार और क्षमताएं 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएंगी। उन्होंने छात्रों से अपने अवसरों का सर्वश्रेष्ठ उपयोग करने, संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने तथा समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित