जौनपुर , मई 23 -- उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने की मशीन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और देश के सांस्कृतिक गौरव को पुनर्स्थापित करने का एक पवित्र माध्यम है। भाजपा के जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरते हुए कहा कि भाजपा में कोई व्यक्ति बड़ा नहीं होता, बल्कि पार्टी की विचारधारा और कार्यकर्ता सबसे बड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए दल से बड़ा देश है और यही भावना उसे अन्य राजनीतिक दलों से अलग बनाती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं को 'राष्ट्र प्रथम' का संकल्प दिलाते हुए कहा कि कार्यकर्ता विनम्रता और सादगी के साथ जनता के बीच जाएं तथा उनके सुख-दुख के सहभागी बनें।
उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि हर घर नल से जल, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं के लाभार्थियों से निरंतर संपर्क बनाए रखने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का आह्वान किया।
जल शक्ति मंत्री ने संगठन में अनुशासन और शुचिता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलते हुए भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। यह उपलब्धि लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग और तपस्या का परिणाम है, इसलिए सभी को अहंकार से दूर रहकर सेवा भाव को ही मूल मंत्र बनाना चाहिए।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, विधायक रमेश मिश्र, एमएलसी बृजेश सिंह 'प्रिंशू', भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला, पूर्व सांसद डॉ. के.पी. सिंह, महेश चंद्र श्रीवास्तव, अशोक चौरसिया, महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, अजय शंकर दुबे, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी, अजय सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्य तथा गीता बिंद सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित