नयी दिल्ली , मई 03 -- श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि श्रमिक राष्ट्र के 'विश्वकर्मा' हैं और उनके कल्याण, सुरक्षा तथा सम्मान को सुनिश्चित करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डॉ. मांडविया ने रविवार को कर्नाटक के डोड्डाबल्लापुर में 100 बिस्तरों वाले कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि देश के निर्माण और विकास में श्रमिकों की भूमिका सबसे अहम है, इसलिए सरकार उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार श्रमिकों को सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ईएसआईसी नेटवर्क का विस्तार कर रही है और देशभर में नए अस्पताल तथा औषधालय स्थापित किए जा रहे हैं।
डॉ. मांडविया ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के दायरे में तेजी से विस्तार हुआ है और अब बड़ी संख्या में श्रमिक विभिन्न योजनाओं से जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रमिकों के स्वास्थ्य की नियमित जांच और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य 'जीवन की सुगमता' के साथ-साथ 'स्वास्थ्य सेवाओं तक सुगम पहुंच' सुनिश्चित करना है, ताकि हर श्रमिक और उसका परिवार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की पहल से श्रमिकों का जीवन अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित