पटना , मई 06 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैय्यद अता हसनैन ने बुधवार को को कहा कि राष्ट्र की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को सुदृढ़ बनाने में युवा चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
राज्यपाल श्री हसनैन ने मुख्य अतिथि के रूप में आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पटना के द्वितीय दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि राष्ट्र की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को सुदृढ़ बनाने में युवा चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे सेवा, समर्पण और सत्यनिष्ठा के साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करें।उन्होंने स्नातक विद्यार्थियों को चिकित्सा नैतिकता, करुणा और पेशेवर उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों का पालन करने के लिये प्रेरित किया।
राज्यपाल श्री हसनैन ने स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे तीव्र परिवर्तनों का उल्लेख करते हुए नवाचार, अनुसंधान तथा प्रौद्योगिकी आधारित समाधानों को अपनाने का आह्वान किया साथ ही मूलभूत नैतिक मूल्यों से जुड़े रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में एम्स पटना चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक उत्कृष्ट और विशिष्ट केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में भारत सरकार के कोयला एवं खान मंत्रालय के राज्य मंत्री एवं संस्थान निकाय के सदस्य सतीश चंद्र दुबे, लोकसभा सांसद एवं संस्थान निकाय के सदस्य रविशंकर प्रसाद, लोकसभा सांसद एवं संस्थान निकाय के सदस्य तारिक अनवर तथा संस्थान निकाय के सदस्य डॉ. सिद्धार्थ दत्ता गुप्ता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित