हरिद्वार , सितंबर 11 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद के दसवीं कक्षा के छात्र कुलश्रेष्ठ ने वाविनाम मार्सल आर्ट्स में शानदार प्रदर्शन कर स्कूल और हरिद्वार पुलिस का मान बढ़ाया है।

जम्मू-कश्मीर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद कुलश्रेष्ठ का चयन आगामी नवंबर में कंबोडिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।

कुलश्रेष्ठ की इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने शुक्रवार को पुलिस मॉडर्न स्कूल पहुंचकर छात्र को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्र का उत्साहवर्धन करते हुए आगामी प्रतियोगिता में सफलता की कामना की। साथ ही प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों का शिक्षा के साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना गर्व की बात है। ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना आवश्यक है। उन्होंने कुलश्रेष्ठ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित