देहरादून/चमोली , मई 02 -- राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य करम सिंह कर्मा शनिवार को उत्तराखंड के चमोली जनपद मुख्यालय गोपेश्वर पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनी और बाद में अधिकारियों की बैठक में उनके निदान के निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद के सभागार में आयोजित बैठक के दौरान सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव धर्मेंद्र और जिलाध्यक्ष राजपाल ने पालिका परिषद में सफाई कर्मचारियों के 13 पदों पर नियुक्ति करने, मोहल्ला स्वच्छता समिति में संलग्न कर्मचारियों की वेतन वृद्धि किए जाने सहित विभिन्न समस्याओं के निस्तारण की मांग की। जिस पर आयोग के सदस्य की ओर से सभी अधिकारियों को नियमानुसार न्यूनतम मानदेय दिए जाने और सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने श्रम अधिकारी को सभी विभागों में तैनात सफाई कर्मचारियों की स्थिति और वेतन की जांच करने और न्यूनतम मानदेय भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने नगर पालिकाओं में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की संख्या और वर्तमान में उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने नियमानुसार हाथ से मैला उठाने वाले कर्मचारियों को सरकार की योजनाओं से शत प्रतिशत लाभान्वित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने केंद्र व राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों के हितों के लिए सरकार की ओर से निर्धारित नियमों की जानकारी भी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित