कपूरथला , जुलाई 16 -- पंजाब में कपूरथला के जिला उपायुक्त आकाश बंसल ने गुरुवार को बताया कि शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए ऑनलाइन स्व-नामांकन की समय-सीमा बढ़ा दी है, ताकि अधिक से अधिक पात्र शिक्षक इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकें।
श्री बंसल ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार जिन पात्र शिक्षकों ने अभी तक राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराया है, वे अब 17 जुलाई तक अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों ने पंजीकरण तो कर लिया है लेकिन अभी तक अपना आवेदन अंतिम रूप से जमा नहीं किया है, वे 20 जुलाई तक अपना ऑनलाइन स्व-नामांकन पूरा कर अंतिम रूप से जमा कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल 20 जुलाई तक खुला रहेगा।
उन्होंने जिले के सभी पात्र शिक्षकों से अपील की कि वे नई समय-सीमा का लाभ उठाते हुए अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन अवश्य जमा करें।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और समर्पण का परिचय देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए दिए जाते हैं। इससे शिक्षकों के उत्कृष्ट योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित