लखनऊ/जम्मू , सितंबर 8 -- जम्मू के भगवती नगर इंडोर स्टेडियम में आयोजित 15वीं राष्ट्रीय वोवीनाम मार्शल आर्ट प्रतियोगिता-2026 में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 स्वर्ण, सात रजत और 14 कांस्य समेत कुल 34 पदक जीतकर ओवरऑल तृतीय स्थान हासिल किया।
देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के बीच हुए कड़े मुकाबलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने फाइटिंग और परफॉर्मेंस दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ओवरऑल चैंपियनशिप में उत्तराखंड ने 28 स्वर्ण, 20 रजत और 23 कांस्य समेत कुल 71 पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र 21 स्वर्ण, 14 रजत और 17 कांस्य समेत कुल 52 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि उत्तर प्रदेश ने 34 पदकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग ने समापन समारोह में विजेता टीम को चैंपियनशिप ट्रॉफी और पदक विजेताओं को मेडल प्रदान किए। लखनऊ की मानसी जायसवाल को महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ रेफरी और सनी को सीनियर वर्ग का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान 23 से 30 नवंबर तक कंबोडिया में होने वाली एशियाई चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम के खिलाड़ियों का चयन भी किया गया। चयनित खिलाड़ियों के लिए दो से 10 अक्टूबर तक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम की अंतिम घोषणा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित