जयपुर , अक्टूबर 08 -- राजस्थान में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से 10 अक्टूबर को इस वर्ष की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर पीठ एवं जोधपुर मुख्यपीठ सहित राज्य के सभी न्यायालयों, उपभोक्ता मंचों, राजस्व न्यायालयों एवं अन्य न्यायिक संस्थानों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होंगी।
प्राधिकरण के अनुसार राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। राजस्थान उच्च न्यायालय की जयपुर पीठ में राष्ट्रीय लोक अदालत का विधिवत शुभारंभ 10 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे किया जाएगा। वहीं जोधपुर में भी 10 बजे राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ होगा।
प्राधिकरण ने बताया कि राज्य में लोक अदालत के लिए कुल 499 पीठ गठित की गई हैं। इनके माध्यम से लंबित मामलों के साथ-साथ मुकदमे से पूर्व मामलों का भी आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा। मामलों की सुनवाई ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किए जाने की व्यवस्था की गई है।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के आंकड़ों के अनुसार 30 सितंबर 2026 तक राज्य में करीब चार लाख 83 हजार 737 मुकदमे के पूर्व के मामले और तीन लाख 55 हजार 60 न्यायालयों में लंबित मामले राष्ट्रीय लोक अदालत में सुनवाई के लिए चिह्नित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में अन्य मामलों को भी लोक अदालत में निस्तारण के लिए संदर्भित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित