महासमुंद , अक्टूबर 04 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर लाखागढ़ के समीप शनिवार देर रात दो ट्रकों में भीषण आग लग गई। हादसे में दोनों वाहन जलकर खाक हो गए, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
पिथौरा थाना प्रभारी से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार चावल से लदा एक ट्रक खराब होने के कारण लाखागढ़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ा था। इसी दौरान पिथौरा से सरायपाली की ओर जा रहा दोना-पत्तल से लदा एक अन्य ट्रक वहां पहुंचा। खराब ट्रक के पास पहुंचते ही चलते ट्रक के इंजन में अचानक आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास खड़े चावल से लदे ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलते देख चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित