सिवनी , जून 26 -- मध्यप्रदेश में सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र में जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के मजदूरों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मकान में घुस गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, जबकि अनेक लोग घायल हो गए। इनमें 12 घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार मंडला और डिंडोरी जिले से लगभग 29 मजदूरों को लेकर केरल जा रहा एक तूफान वाहन ग्राम पचधार के समीप अनियंत्रित हो गया। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई गई है। वाहन अपनी लेन से निकलकर फोरलेन पार करते हुए सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा, जिससे मकान को भी क्षति पहुंची।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को निकालकर कुरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद 12 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल सिवनी रेफर किया गया।
बरघाट के एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। जिला अस्पताल में भर्ती दो घायलों की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित