भोपाल , सितंबर 03 -- पंजाब के लुधियाना स्थित गुरु नानक स्टेडियम में 01 से 03 सितंबर तक आयोजित 21वीं राष्ट्रीय युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीते हैं। कृष्ण चंद्र ने जैवलिन थ्रो में नया मीट रिकॉर्ड कायम कर स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि नागर सिंह कनेश ने हेप्टाथलॉन में स्वर्ण और रंगलाल डोडिया ने 1000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता।
बुधवार शाम हुए बॉयज जैवलिन थ्रो मुकाबले में कृष्ण चंद्र ने 79.92 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने नया मीट रिकॉर्ड भी कायम किया। इससे पहले इस स्पर्धा का रिकॉर्ड 77.41 मीटर था, जो रोहित यादव ने वर्ष 2018 में बनाया था।
हेप्टाथलॉन में नागर सिंह कनेश ने 4812 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने स्पर्धा के विभिन्न मुकाबलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं 1000 मीटर स्पर्धा में रंगलाल डोडिया ने दो मिनट 26.83 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने पदक विजेता खिलाड़ियों नागर सिंह कनेश, कृष्ण चंद्र और रंगलाल डोडिया को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कृष्ण चंद्र के नए मीट रिकॉर्ड सहित खिलाड़ियों के प्रदर्शन को मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित